न पेंट, न चाकू, न कोई औजार, सिर्फ दांतों से बनाती है शानदार मूर्तियां, लड़की का टैलेंट देखे दंग रह जाएंगे आप!

एक चीनी युवती अपने दांतों से गाजर को तराशकर शानदार मूर्तियां बना रही है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. उसकी यह अनोखी कला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और हर कोई उसकी तारीफ कर रहा है.


दुनिया में टैलेंट की कमी नहीं है, लेकिन कभी-कभी कोई ऐसा हुनर सामने आता है जो हमें सच में हैरान कर देता है. सोचिए, एक साधारण सी गाजर… जिसे हम रोज खाना समझकर नजर अंदाज कर देते हैं, वही किसी के हाथों या यूं कहें दांतों से एक खूबसूरत कला का रूप ले ले! चीन की 25 साल की एक युवती ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. वह गाजर को अपने दांतों से इतनी बारीकी से तराशती है कि वह छोटी-छोटी मूर्तियों में बदल जाती है. उसकी हर मूर्ति में इतनी मेहनत और नजाकत झलकती है कि देखने वाला बस ठहर कर उसे निहारता रह जाता है. सोशल मीडिया पर जैसे ही उसके ये वीडियो सामने आए, लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं. कोई उसकी तारीफ कर रहा है, तो कोई यह अनोखा हुनर देख हैरान रह गया.

दरअसल साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, इस युवती का नाम Chen Qin है, जो अपनी अनोखी कला के लिए चर्चा में हैं. वह गाजर को सिर्फ अपने दांतों की मदद से बारीकी से तराशकर शानदार मूर्तियां बनाती हैं. उनकी कला इतनी खास है कि उन्होंने गाजर से चीन की महान दीवार(Great Wall of China) और पीली सारस की मीनार(yellow crane tower) जैसी दुनिया भर में फेमस इमारतों की हूबहू प्रतिकृतियां बना दी हैं. इतना ही नहीं, वह छोटे-छोटे जानवरों, कार्टून कैरेक्टर और पारंपरिक डिजाइन भी बनाती हैं. उनके बनाए हुए फीनिक्स क्राउन और मियाओ समुदाय की चांदी की टोपी जैसे डिजाइन भी लोगों को बेहद पसंद आ रहे हैं.

‘टूथ स्कल्प्टर’ के नाम से मिली पहचान
Chen Qin खुद को इंटरनेट की पहली “टूथ स्कल्प्टर” बताती हैं. उनकी कला इतनी सटीक होती है कि लोग मजाक में यहां तक कह देते हैं कि उनके मुंह में कोई 3D प्रिंटर छिपा हो. दिलचस्प बात यह है कि वो पेशे से कलाकार नहीं हैं. उन्होंने ग्राफिक डिजाइन और 3D मॉडलिंग की पढ़ाई की है. बचपन से ही उन्हें पेंटिंग का शौक था, जो अब इस अनोखी कला के रूप में सामने आया है.


Source :https://hindi.news18.com/